वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद बदायूं के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक नगर के कुशल निर्देशन व क्षेत्राधिकारी दातागंज के कुशल पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दातागंज के नेतृत्व में थाना दातागंज पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता मिली है । थाना दातागंज पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर भैंस चोर को गिरफ्तार किया है। जवाबी कार्यवाही में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि बदमाश की फायरिंग से एक पुलिस कर्मी भी घायल हुआ है। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना पर विधिक कार्यवाही की जा रही है 13/14.06.2026 की रात्रि को ग्राम बेलाडांडी में कुछ चोरों द्वारा भैंस चोरी करने की घटना कारित की गई थी जिसके संबंध में थाना पर मुकदमा.अपराध संख्या 210/26 धारा 303(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया था। घटना के अनावरण हेतु पुलिस टीम गश्त के दौरान क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि पशु चोरी की घटनाओं में संलिप्त अपराधी आज फिर से थाना क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं । सूचना पर पुलिस टीम ने बेलाडांडी पुल के पास नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक पिकअप आती दिखाई दी । पुलिस टीम द्वारा उसे रुकने का इशारा करने पर पिकअप के चालक ने पिकअप को पुलिस टीम से बचने के लिए कच्चे रास्ते की तरफ मोड दिया जहाँ पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध पिकअप की घेरबन्दी की गई। पिकअप में बैठे तीन व्यक्तियों द्वारा खुद को घिरता देख जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी जिसमें पुलिस टीम के एक आरक्षी का0 2044 नितिन आर्य गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ व जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली शातिर बदमाश/अभियुक्त के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा जबकि अभियुक्त के दो अन्य साथी भाग गये । पुलिस टीम ने घेराबंदी कर घायल अभियुक्त को गिरफ्तार किया । दोनों घायलों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल में भेजा गया है।






