🚨 बड़ी खबर | बदायूं
बिल्सी में नमक से नकली पोटाश बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़
बदायूं के बिल्सी-इस्लामनगर रोड पर खैरी गांव के पास कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में कथित तौर पर नमक से नकली पोटाश तैयार करने वाली फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में फैक्ट्री संचालक आरिफ समेत 9 लोगों को पकड़ा गया।
मौके से करीब 300 बोरी नमक, 300 तैयार कट्टे नकली पोटाश, 300–400 खाली कट्टे, दो सिलाई मशीन, धागा, जनरेटर और गेरू बरामद होने की जानकारी सामने आई है। तैयार कट्टों में इंडियन पोटाश लिमिटेड के कट्टों का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है।
बताया गया है कि पकड़ा गया फैक्ट्री संचालक आरिफ, सहसवान के पठान टोला का निवासी है। कृषि विभाग द्वारा बरामद सामग्री जब्त कर ली गई है और आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की बात कही गई है।