सेवा संकल्प अभियान के तहत जन कल्याणकारी शिविर का शुभारंभ, विधायक हरीश शाक्य ने किया उद्घाटन
बिल्सी। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरीश शाक्य ने सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड उझानी एवं विकासखंड अम्बियापुर के ब्लॉक परिसर में आयोजित जन कल्याणकारी शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने के साथ उनका लाभ प्राप्त किया। विधायक हरीश शाक्य ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार के अनुरूप समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास की योजनाओं का लाभ गांव-गांव और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने शिविर में मौजूद गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की और उन्हें फल एवं पोषण किट भेंट की। इसके साथ ही छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कर उन्हें अपने हाथों से खीर खिलाई और उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।