सहसवान के कोठा स्थित सिद्ध बाबा धाम पहुंचे सांसद आदित्य यादव, पूजा-अर्चना कर की क्षेत्र की खुशहाली की कामना
बदायूं। सहसवान विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोठा स्थित सिद्ध बाबा धाम पहुंचकर समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने शनिवार को श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना एवं दर्शन किए। सांसद ने मंदिर में घंटा चढ़ाकर सिद्ध बाबा का आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इसके बाद सांसद आदित्य यादव उघैती स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां PDA पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में सांसद आदित्य यादव ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के शिक्षा संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा सामाजिक उन्नति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि समाज के पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों के लोगों को शिक्षा, रोजगार और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की PDA राजनीति में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों की सामाजिक भागीदारी को प्रमुखता दी जा रही है।