बदायूं: सांप के डंसने से बुजुर्ग की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम
बदायूं। जिले के वजीरगंज विकासखंड अंतर्गत कस्बा बगरैन में सांप के डंसने से एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान अब्दुल रहमान के रूप में हुई है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि अब्दुल रहमान अपने घर के पास मौजूद थे, तभी अचानक जहरीले सांप ने उनके पैर में डंस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अब्दुल रहमान की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बरसात के मौसम में लगातार सामने आ रही सांप निकलने की घटनाओं के बीच लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक के बजाय पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।