बिल्सी में सर्वाइकल कैंसर से बचाव को एचपीवी टीकाकरण अभियान, किशोरियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
बाबा इंटरनेशनल स्कूल सहित कई विद्यालयों और उपकेंद्रों पर 14–15 वर्ष की किशोरियों का हुआ टीकाकरण
बिल्सी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिल्सी द्वारा आज दिनांक 27 जुलाई 2026 को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों का टीकाकरण किया गया।
यह अभियान बाबा इंटरनेशनल स्कूल, नन्नू मल जैन इंटर कॉलेज, महेश बाल विद्या मंदिर, भू देवी पब्लिक स्कूल सहित क्षेत्र के अन्य उपकेंद्रों पर सफलतापूर्वक संचालित किया गया। अभियान में बड़ी संख्या में किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर टीकाकरण कराया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसएसआई विनोद कुमार मौर्य एवं महिला कांस्टेबल मौजूद रहीं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एएनएम रेनू तोमर एवं स्टाफ नर्स अमृता ने टीकाकरण कार्य संपन्न कराया। इस अवसर पर सीएचसी बिल्सी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, प्रधानाध्यापक रूप महेश्वरी तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं भी उपस्थित रहीं।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में इस गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।