बदायूं के राम हॉस्पिटल में बवाल! ऑपरेशन के खर्च को लेकर विवाद, डॉक्टर पर हमला और अस्पताल में तोड़फोड़ का आरोप
बदायूं के प्रसिद्ध राम हॉस्पिटल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब किडनी ऑपरेशन के खर्च को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। अस्पताल प्रबंधन का आरोप है कि मरीज और उसके तीमारदारों ने कम खर्चा करने की मांग को लेकर डॉक्टर के चेंबर में घुसकर हमला कर दिया।
डॉक्टर के मुताबिक, उनके साथ मारपीट की गई, जान से मारने की धमकी दी गई और अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि हमलावरों ने डॉक्टर के स्टाफ को भी पीटा, जिससे दो कर्मचारी घायल हो गए। इतना ही नहीं, स्वास्थ्य परीक्षण में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया। डॉक्टर का दावा है कि पूरी वारदात अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। साथ ही आरोप लगाया गया है कि अस्पताल की छवि खराब करने की नीयत से घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए गए।
पुलिस ने डॉक्टर की तहरीर पर पांच नामजद समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल कर्मचारियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और सीसीटीवी फुटेज सहित सभी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। अब सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।