बिल्सी में 7 हजार किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री बरामद, गोदाम सील
तहसील प्रशासन व खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 6 नमूने जांच के लिए भेजे
बदायूं के बिल्सी क्षेत्र में तहसील प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खैरी गांव स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 7 हजार किलोग्राम एक्सपायरी खाद्य सामग्री बरामद हुई, जिसके बाद पूरे गोदाम को सील कर दिया गया।
छापेमारी में नमकीन, बिस्किट, फ्रूट ड्रिंक, चावल, चॉकलेट और कॉर्न फ्लेक्स समेत कई खाद्य पदार्थ एक्सपायरी अवस्था में मिले। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इन खाद्य पदार्थों के छह नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम बरेली के केसरपुरा गांव निवासी इलसयार पुत्र चुन्नू खान ने करीब 15 दिन पहले किराये पर लिया था। प्रशासन को आशंका है कि एक्सपायरी खाद्य सामग्री को दोबारा पैक कर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी।
एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। वहीं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सी.एल. यादव के अनुसार आरोपी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आप तक LIVE 24 NEWS – सच की खबर, सबसे पहले।