🟠 बिल्सी | स्कूल में ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ प्रतियोगिता
बाबा इंटरनेशनल स्कूल में नन्हे-मुन्नों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, बेकार वस्तुओं से बनाई आकर्षक कलाकृतियां
बिल्सी। बाबा इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार, 19 अगस्त 2026 को कक्षा पीजी से केजी तक के विद्यार्थियों के लिए ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और नवाचार के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
प्रतियोगिता में नन्हे विद्यार्थियों ने पुराने डिब्बों, कागज, प्लास्टिक बोतलों, कार्डबोर्ड, आइसक्रीम स्टिक, कप और अखबार जैसी अनुपयोगी वस्तुओं से सुंदर एवं उपयोगी वस्तुएं तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने रचनात्मक सोच के जरिए यह संदेश दिया है कि बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं का भी पुनः उपयोग किया जा सकता है।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों के सृजनात्मक कौशल, आत्मविश्वास और समस्या-समाधान की क्षमता को विकसित करने के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत करती हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आप तक LIVE 24 NEWS — हर खबर पर पैनी नजर।