बिल्सी के सिद्धपुर चित्रसेन में गंदगी का अंबार, नाले चौक—कुंभकरणी नींद में जिम्मेदार!
बिल्सी। क्षेत्र के गांव सिद्धपुर चित्रसेन में सफाई व्यवस्था की बदहाली ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। गांव में नाले चौक पड़े हैं और जगह-जगह गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सफाई व्यवस्था पर जिम्मेदारों का ध्यान नहीं है।
गंदगी के कारण गांव में बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मानो कुंभकरणी नींद में सो रहे हैं। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर जिम्मेदार कब जागेंगे? नालों की सफाई कब होगी और गांववासियों को गंदगी से कब निजात मिलेगी?
हैरानी की बात यह है कि एक ओर भाजपा सरकार स्वच्छ भारत मिशन और विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर गांवों में जमीनी हकीकत इन दावों से अलग नजर आती है। सिद्धपुर चित्रसेन की तस्वीरें साफ तौर पर बताती हैं कि सफाई व्यवस्था किस हालत में है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें भाषण और वादे नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर साफ-सफाई और विकास चाहिए। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या का संज्ञान लेकर कब तक गांव में सफाई अभियान चलाते हैं।
आप तक 24 लाइव न्यूज
सच की खबर, सबसे पहले