ब्रेकिंग न्यूज़ | बदायूं
15 साल पुराने ज़मीनी विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, महिला गंभीर घायल
बदायूं जनपद के बिसौली क्षेत्र के गांव भानपुर नूरपुर में 15 वर्ष पुराने ज़मीन बंटवारे के विवाद को लेकर दो भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बड़े भाई ने अपने परिवार के साथ मिलकर छोटे भाई के परिवार के साथ मारपीट की और जानवरों की झोपड़ी में आग लगा दी।
पीड़ित परिवार के अनुसार, राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल के साथ ज़मीन की पैमाइश के दौरान विवाद शुरू हुआ। विरोध करने पर महिलाओं सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि पुलिस पीड़ित परिवार के दो युवकों को अपने साथ थाने ले गई।
मारपीट में घायल परिवार की एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका उपचार बदायूं मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर उनकी बात नहीं सुनी गई।
फिलहाल मामले में दूसरे पक्ष और पुलिस का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।