बिल्सी में सुविधा एनजीओ के कार्यालय में चोरी, ताला तोड़कर टैबलेट और मोबाइल ले उड़े चोर
बिल्सी, बदायूं। बिल्सी कस्बे में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। गुरुवार सुबह सुविधा एनजीओ के शाखा कार्यालय में चोरी का मामला सामने आया। संस्था के प्रतिनिधि दीपक शर्मा ने बिल्सी थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे कार्यालय पहुंचने पर मुख्य गेट का कुंडा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली थी और सामान व जरूरी दस्तावेज बिखरे पड़े थे। जांच में एक सैमसंग टैबलेट और एक पोको मोबाइल हैंडसेट चोरी होना पाया गया। घटना की सूचना तत्काल यूपी-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
आखिर बिल्सी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर कब अंकुश लगेगा। हालांकि, पुलिस की जांच जारी है और चोरी की घटना में किसी की जिम्मेदारी या लापरवाही की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।