राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की गोली
बिल्सी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को स्वास्थ्य विभाग की ओर से अंबियापुर ब्लॉक के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों एवं प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को एल्बेंडाजोल (Albendazole) की टैबलेट खिलाई गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एल्बेंडाजोल के सेवन से बच्चों को पेट के कीड़ों से बचाव में मदद मिलती है और कृमि संक्रमण के कारण होने वाली खून की कमी की रोकथाम में सहायता मिलती है। इससे बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं शारीरिक-मानसिक विकास में भी सहयोग मिलता है।
अभियान के तहत जनता इंटर कॉलेज मूसापुर और एन.ए. इंटर कॉलेज बिल्सी समेत क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बच्चों को दवा का सेवन कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संबंधित शिक्षकों ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया।