बिल्सी में राज शेखावत की प्रेस वार्ता, 23 अगस्त को दिल्ली में होगी सवर्ण आक्रोश महापंचायत
बिल्सी। यूजीसी रेगुलेशन एक्ट-2026 की कथित विसंगतियों और यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर बिल्सी में सवर्ण समाज की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में पूर्व बीएसएफ अधिकारी एवं सवर्ण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने अभियान की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यूजीसी रेगुलेशन-2026 से जुड़े मुद्दों को लेकर 5 अगस्त से 23 अगस्त तक 15 हजार किलोमीटर की जनजागरण वाहन यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी।
डॉ. राज शेखावत ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षाविदों और आम नागरिकों तक यूजीसी रेगुलेशन-2026 से संबंधित मुद्दों को पहुंचाना है। यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में पंचायत, जनसंवाद और प्रेस वार्ताओं के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को नई दिल्ली में ‘यूजीसी रोलबैक सवर्ण आक्रोश महापंचायत’ आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से सवर्ण समाज के प्रतिनिधि, विद्यार्थी, शिक्षाविद और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
प्रेस वार्ता के माध्यम से समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर महापंचायत में भाग लेने की अपील की गई।