बिल्सी में आगामी त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक, अधिकारियों ने दिए सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
बिल्सी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर गुरुवार को बिल्सी कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी आलोक सिद्धू ने संयुक्त रूप से की। बैठक में नगर क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं ईद-उल-मिलादुन्नबी (मिलाद-उन-नबी) पर्व को लेकर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। जुलूस एवं धार्मिक आयोजनों को निर्धारित मार्गों पर ही संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि भ्रामक अथवा भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका एवं संबंधित विभागों को त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी समुदायों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में कोतवाल मनोज कुमार सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष पति ओम प्रकाश सागर, तहजीब खान, सौरभ वार्ष्णेय, दीपक चौहान, इकरार अहमद, मौलाना असरारुल हक, हैदर अली, अफजाल खान, योगेश पुरी, मुजाहिद खान, मुनीश कुरैशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।