बिल्सी विधानसभा की 5 सड़कों के नवनिर्माण को मिली मंजूरी, करीब 10 करोड़ रुपये होंगे खर्च
बिल्सी। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक हरीश शाक्य के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। प्रदेश सरकार ने विधानसभा क्षेत्र की पांच महत्वपूर्ण संपर्क सड़कों के नवनिर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन सड़कों के निर्माण पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
स्वीकृत कार्यों में परमू से इस्माईलपुर मैमड़ी मार्ग का 1.90 किलोमीटर निर्माण करीब 2.03 करोड़ रुपये की लागत से, बदायूं-उझानी मार्ग से कृष्णा गैस गोदाम होते हुए अब्दुल्लागंज तक 1.60 किलोमीटर मार्ग का निर्माण करीब 1.85 करोड़ रुपये से शामिल है।
इसके अलावा सहसपुर से पहाड़पुर तक 2 किलोमीटर मार्ग के नवनिर्माण पर करीब 1.86 करोड़ रुपये, बितरौई से मौलिया नगला मार्ग के 1.73 किलोमीटर निर्माण पर करीब 2.01 करोड़ रुपये तथा बदायूं-बिजनौर मार्ग से राजकीय आईटीआई बिल्सी एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास तक 1.88 किलोमीटर मार्ग के निर्माण पर करीब 2.18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इन पांचों मार्गों की कुल लंबाई करीब 9.11 किलोमीटर है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जर्जर सड़कों से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि बिल्सी विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के लिए सुविधाओं सहित प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।