विद्यालय का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
बिनावर पुलिस ने वांछित आरोपी अजय राठौर को किया गिरफ्तार, न्यायालय के समक्ष किया पेश
बदायूं, 27 अगस्त। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों तथा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिनावर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विद्यालय का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजय राठौर पुत्र प्रेमपाल, निवासी ग्राम दियोरीजीत, थाना बिनावर, जनपद बदायूं के रूप में हुई है। अभियुक्त के खिलाफ थाना बिनावर में मु0अ0सं0 222/2026, धारा 329(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को संविलियन विद्यालय ग्राम दियोरीजीत के प्रधानाध्यापक विजय कुमार शर्मा ने थाना बिनावर में तहरीर दी थी। आरोप था कि एक व्यक्ति ने विद्यालय का वीडियो कथित आपराधिक आशय से बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अजय राठौर को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मामराज सिंह मय पुलिस टीम शामिल रहे।
आप तक 24 लाइव न्यूज
सच की खबर, सबसे पहले