🚨 ब्रेकिंग बदायूं
पुलिस हिरासत में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए मारपीट के गंभीर आरोप
बदायूं। दातागंज थाना क्षेत्र के अटसेना गांव में डीजे पर गाना बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस कार्रवाई के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर हिरासत में मारपीट और बदसलूकी का गंभीर आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, बीती रात डीजे पर गाना बजाने को लेकर राजेश और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। शुक्रवार सुबह दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां पुलिस द्वारा शांति भंग की कार्रवाई की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस का दावा है कि इसी दौरान राजेश ने वॉशरूम जाने की बात कही। वॉशरूम में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिसकर्मी उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही राजेश की मौत हो गई। पुलिस ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है।
वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस के दावे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि कस्टडी में राजेश के साथ मारपीट और बदसलूकी की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई।
फिलहाल मौत की असली वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले में पुलिस और परिजनों के आरोपों के बीच जांच अहम होगी।
आप तक 24 लाइव न्यूज — सच की खबर, सबसे पहले।