🚨 बिल्सी में आवारा सांडों की लड़ाई बनी काल, कच्ची दीवार गिरने से महिला की मौत
बदायूं/बिल्सी। कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव घड़ी में शनिवार देर रात आवारा सांडों की लड़ाई एक परिवार पर कहर बनकर टूटी। आपस में भिड़े दो सांड लड़ते-लड़ते कच्चे मकान की दीवार से जा टकराए। भीषण टक्कर से दीवार भरभराकर गिर गई और घर के अंदर सो रही महिला अखिल मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव निवासी मोहम्मद हाशिम के कच्चे मकान के बाहर दो आवारा सांड आपस में लड़ रहे थे। इसी दौरान दोनों सांड दीवार से जा भिड़े और दीवार ढह गई। उस समय घर के अंदर सो रही अखिल मलबे में दब गई।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया गया कि मृतका अपने सात वर्षीय नाती आरिफ के साथ गांव में रहती थी, जबकि उसके दोनों बेटे दिल्ली में मजदूरी करते हैं। मां की मौत की सूचना मिलते ही दोनों बेटे गांव के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
सूचना पर बिल्सी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
🐂 ग्रामीणों में आक्रोश, आवारा सांडों से निजात की मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों में आवारा सांडों को लेकर भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा पशुओं के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा सांडों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है।
आप तक 24 लाइव न्यूज — सच की खबर, सबसे पहले।