बिल्सी में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, वेद महि हेल्थ केयर क्लिनिक सील
बदायूं/बिल्सी। बिल्सी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने नियमों के विपरीत संचालित किए जा रहे स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में ग्राम सिमर्रा में संचालित वेद महि हेल्थ केयर क्लिनिक को प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने सील कर दिया।
यह कार्रवाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर क्लिनिक का निरीक्षण किया और कार्रवाई पूरी करते हुए क्लिनिक को सील कर दिया।
मौके पर नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, BCPM सरवर अली, भुवनेश और डॉ. शिव सहित प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों और हाल में बमेड़ गांव में 12 वर्षीय नाबालिग की उपचार के बाद मौत के मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता बढ़ी है। हालांकि, सिमर्रा स्थित वेद महि हेल्थ केयर क्लिनिक की सीलिंग कार्रवाई को उक्त मौत के मामले से सीधे तौर पर जोड़ने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति, पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के संचालित होने वाले क्लीनिकों को लेकर हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
आप तक LIVE 24 NEWS
सच की खबर, सबसे पहले