🚨 बदायूं: SSP अंकिता शर्मा का बिसौली थाने पर औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्ती और फरियादियों को त्वरित न्याय देने के निर्देश
📍 बिसौली (बदायूं)।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सोमवार को थाना बिसौली का औचक निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली और थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और ऑनलाइन रिकॉर्ड की स्थिति को परखा। साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शिता के साथ काम करने और आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सीसीटीएनएस पोर्टल पर दर्ज किए जा रहे डाटा की समीक्षा की और सभी अभिलेखों को समय से अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पीड़ितों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और उनके साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
फरियादियों की शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
एसएसपी अंकिता शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाने पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध समाधान किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इसके अलावा अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर और आगंतुक रजिस्टर सहित महत्वपूर्ण अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। लंबित विवेचनाओं का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को भी कहा गया।
एसएसपी ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त और पुलिस की सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया।
औचक निरीक्षण के जरिए एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया कि थाने की व्यवस्थाओं में सुधार, जवाबदेही और फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।