🚨 बिल्सी में सड़कों के गहरे गड्ढे भरने का अभियान शुरू, ट्री मैन प्रशांत जैन की पहल लाई रंग
जिलाधिकारी को पत्र लिखकर उठाया था सड़क की बदहाली का मुद्दा, लोक निर्माण विभाग ने शुरू कराया मरम्मत कार्य
📍 बिल्सी (बदायूं)।
बिल्सी नगर में सड़कों पर बने गहरे गड्ढों से परेशान राहगीरों को अब राहत मिलने लगी है। नगर के सम्राट अशोक चौक से साहबगंज होते हुए थाना मोड़, सीताराम तिराहा और नवनिर्मित रोडवेज बस स्टैंड तक सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर अरिहंत वृक्षारोपण सामाजिक सेवा समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष ट्री मैन प्रशांत जैन ने जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय को शिकायती पत्र सौंपा था।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने संबंधित मार्ग का निरीक्षण किया और सड़क को दुरुस्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी। अभियान के प्रथम चरण में बुधवार को सड़क के गहरे गड्ढों में बजरी आदि डालकर उन्हें भरा गया, जिससे फिलहाल राहगीरों को आवागमन में राहत मिली है।
ट्री मैन प्रशांत जैन ने बताया कि विभाग ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया है। अगले चरण में डीसी का कार्य कराए जाने के साथ पूरे मार्ग पर नई सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि सीताराम तिराहे पर जलभराव की समस्या से भी लोगों को राहत मिली है। इस पहल के लिए उन्होंने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग का आभार व्यक्त किया।